सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 सितंबर। सरगुजा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत गुरुवार को सेंट जेवियर हायर सेकेंडरी स्कूल के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 1000 छात्र-छात्राओं और 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया। अभियान में विशेष रूप से बालिकाओं की सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल की टीम ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया फ्रॉड, हनीट्रैप, साइबर बुलिंग, स्टॉकिंग, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड सहित ऑनलाइन अपराधों के प्रति सचेत किया। विद्यार्थियों को अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर दोस्ती नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई।
पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर किशोरों को अपने जाल में फंसाने के बाद ब्लैकमेल कर सकते हैं। वहीं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए फोटो और आवाज में बदलाव कर डीपफेक तैयार किए जाने के खतरे से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सार्वजनिक नहीं करने और सोशल मीडिया अकाउंट को प्राइवेट रखने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक अभय तिवारी, साइबर सेल से अनुज जायसवाल और अमन पुरी ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय बताए। सेंट जेवियर स्कूल के प्राचार्य फादर माइकल तिर्की तथा नवा बिहान संस्था के मंगल पांडे, अजय तिवारी और संतोष दास भी उपस्थित रहे।
पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क करें अथवा ष्4ड्ढद्गह्म्ष्ह्म्द्बद्वद्ग.द्दश1.द्बठ्ठ पर शिकायत दर्ज कराएं। जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में भी साइबर जागृति अभियान के तहत छात्राओं, महिलाओं और स्वच्छता दीदियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।