सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 सितंबर। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में सरगुजा पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान के बाद अंडरएज ड्राइविंग के तीन मामलों में वाहन मालिकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। तीनों प्रकरणों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद प्रत्येक वाहन मालिक पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह तीनों मामलों में कुल 75 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के खिलाफ पहले व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया था। शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ अभिभावकों को भी समझाइश दी गई थी कि वे बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस अपने बच्चों को वाहन न दें। अभियान के दौरान नियम तोडऩे पर वाहन मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई थी।
इसी क्रम में यातायात पुलिस ने तीन नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों और वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए। न्यायालय ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 199(ए) के तहत तीनों वाहन मालिकों पर 25-25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
पुलिस ने कहा कि नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति देना उनके साथ-साथ सडक़ पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। तेज रफ्तार, भारी यातायात और आपात स्थिति में वाहन संभालने के लिए कम उम्र के बच्चे पूरी तरह सक्षम नहीं होते।
सरगुजा पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बालिग होने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस मिलने से पहले उन्हें वाहन की चाबी न सौंपें। पुलिस का चेकिंग और कार्रवाई अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवत्य सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।