सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 सितंबर। शहर के सिद्धार्थ हॉस्पिटल में भर्ती करीब साढ़े तीन साल के बच्चे को कथित रूप से एक्सपायरी इंजेक्शन लगाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है।
बच्चे के पिता की शिकायत के बाद कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने अस्पताल की जांच की। इस दौरान अस्पताल की फार्मेसी में उसी बैच के तीन एक्सपायरी इंजेक्शन वायल मिलने की बात सामने आई, जिस बैच का इंजेक्शन बच्चे को लगाए जाने का आरोप है। इसके बाद फार्मेसी को 15 दिनों के लिए सील कर संचालक को नोटिस जारी किया गया है।
लखनपुर निवासी शम्स खान ने शिकायत में बताया कि उनके पुत्र उमैर खान (करीब 3 वर्ष 6 माह) को 6 सितंबर को उपचार के लिए सिद्धार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर वैभव जायसवाल की पर्ची के आधार पर बच्चे को एमिकासिन 250 मिलीग्राम इंजेक्शन लगाया गया।
परिजनों के अनुसार अगले दिन, 7 सितंबर को इंजेक्शन की शीशी देखने पर उस पर बैच नंबर एल-24ई-5बी, निर्माण तिथि मई 2024 और एक्सपायरी अप्रैल 2026 अंकित मिली। इसके बाद बच्चे के पिता ने मामले की शिकायत कलेक्टर से कर जांच एवं कार्रवाई की मांग की।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अजीत वसंत ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएस मार्को को जांच कराने के निर्देश दिए। इसके बाद नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. पीके सिन्हा और ड्रग इंस्पेक्टर अनिल पैकरा सहित टीम सिद्धार्थ हॉस्पिटल पहुंची।
टीम ने अस्पताल की फार्मेसी में उपलब्ध दवाओं की जांच की। जांच के दौरान कथित तौर पर उसी बैच के तीन एक्सपायरी इंजेक्शन वायल मिले। इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल की फार्मेसी को 15 दिनों के लिए सील कर दिया। फार्मेसी संचालक को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा गया है।
शिकायत के मुताबिक डॉक्टर की पर्ची पर अस्पताल की फार्मेसी से इंजेक्शन खरीदा गया और बाद में बच्चे को लगाया गया।
इस मामले में फार्मेसी स्तर के साथ ही इंजेक्शन लगाने से पहले होने वाली जांच की प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में है।
प्रशासन ने फिलहाल फार्मेसी को सील कर जवाब तलब किया है।
जांच रिपोर्ट और फार्मेसी संचालक का जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर अजीत वसंत ने भी जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।