सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 9 सितंबर। सरगुजा जिला के लखनपुर विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम पंचायत लब्जी के लेद्राडांड स्थित माध्यमिक शाला में बच्चे और शिक्षक जर्जर भवन के बीच पढ़ाई करने को मजबूर हैं। भवन की हालत इतनी खराब है कि बारिश के दौरान कई कमरों में पानी भर जाता है और छत से पानी टपकता रहता है। ऐसे में कभी भी भवन का कोई हिस्सा गिरने की आशंका बनी हुई है। स्कूल में पढऩे वाले बच्चों के साथ शिक्षकों को भी हर समय किसी अनहोनी का डर सताता रहता है।
इस विद्यालय में कक्षा पहली से आठवीं तक विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के बच्चे अध्ययनरत हैं। विद्यालय भवन के कई कमरों की स्थिति बेहद खराब है। यहां तक कि शिक्षकों के कार्यालय के लिए उपयोग किया जाने वाला कमरा भी जर्जर हो चुका है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। जर्जर छत और दीवारों के बीच बच्चों की कक्षाएं संचालित होने से पालकों की चिंता भी बढ़ गई है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधान पाठक के अनुसार भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी कई बार उच्चाधिकारियों को दी जा चुकी है। बताया गया कि मरम्मत के लिए करीब 80 हजार रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने की बात कही गई थी। शिक्षकों का कहना है कि इतने बड़े और पूरी तरह जर्जर भवन की मरम्मत इतनी कम राशि में संभव नहीं है। इसके बाद मामला आगे नहीं बढ़ सका।
इंजीनियर ने भी माना, पुनर्निर्माण जरूरी
विद्यालय की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद निरीक्षण के लिए पहुंचे इंजीनियर ने भवन की हालत देखने के बाद इसे मरम्मत योग्य नहीं बताया। उनके अनुसार भवन की स्थिति ऐसी है कि इसका पुनर्निर्माण कराया जाना आवश्यक है। इसके बाद ही बच्चों के लिए सुरक्षित रूप से स्कूल संचालित किया जाना चाहिए।
पालक बच्चों को भेजने से कतरा रहे
जर्जर भवन के कारण पालक भी अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं। अनहोनी की आशंका के चलते कई बच्चे नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं। शिक्षकों को पालकों को समझाकर बच्चों को विद्यालय लाना पड़ रहा है।
पुनर्निर्माण की मांग
अब विद्यालय के शिक्षक भवन के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि पहाड़ी कोरवा समुदाय के बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा को देखते हुए जर्जर भवन का जल्द समाधान जरूरी है। फिलहाल विद्यालय प्रशासन नए भवन की स्वीकृति और सुरक्षित शैक्षणिक व्यवस्था की उम्मीद लगाए बैठा है।-