सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली, 8 सितंबर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मानपुर बस्ती में मंगलवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब बस्ती के बीच स्थित एक कुएं में छात्रा की लाश मिली। लाश मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद बतौली थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ शव को कुएं से बाहर निकलवाने की कार्रवाई की। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई।
फिलहाल छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हादसा, आत्महत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जांच के बाद ही छात्रा की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। छात्रा की पहचान तथा घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां भी पुलिस की जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।
घटना के बाद से मानपुर बस्ती में मातम और दहशत का माहौल है। कुएं में छात्रा का शव मिलने की घटना ने ग्रामीणों को भी सकते में डाल दिया है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।