सरगुजा
अंबिकापुर, 8 सितंबर। कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शिवपुर की छात्राओं द्वारा 7 सितंबर को विद्यालय की समस्याओं को लेकर पैदल मार्च कर कलेक्टर से मिलने के प्रयास के बाद प्रशासन ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। विद्यालयीन व्यवस्थाओं और पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए संयुक्त कलेक्टर सरगुजा की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की गई है।
प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार विद्यालय के प्राचार्य ओम नारायण श्रीवास्तव को आगामी आदेश तक विद्यालय से हटाकर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय अंबिकापुर में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं विद्यालय में पदस्थ पीजीटी अंग्रेजी प्रतीक्षा त्रिपाठी को प्राचार्य पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा पीजीटी हिन्दी अरविंद अशोक तिग्गा को विद्यालय से कार्यमुक्त कर उनकी मूल पदस्थ संस्था एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय मैनपाट भेजा गया है।
मामले में छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रशासन ने कार्रवाई की है। छात्रावास अधीक्षक आयुषी सोनी को शासकीय कार्य में लापरवाही एवं उदासीनता के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनसे मामले को लेकर जवाब मांगा गया है।
गौरतलब है कि शिवपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राएं विद्यालय में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर 7 सितंबर को पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर से मिलने निकली थीं। छात्राओं ने विद्यालय एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने की बात कही थी। घटनाक्रम के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति गठित कर विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं सामने आए आरोपों की जांच शुरू कर दी है।