सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 सितंबर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय अंबिकापुर में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल और रोजगार के अवसरों से जोडऩे के उद्देश्य से मंगलवार को आईबीएम स्किल बिल्ड के सहयोग से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एवं उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष तकनीकी सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले ने की। मुख्य वक्ता के रूप में आईबीएम के सहयोग से भारत केयर के एआई तकनीकी प्रशिक्षक प्रमेय तिवारी उपस्थित रहे।
सेमिनार में विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जनरेटिव एआई, मशीन लर्निंग, डाटा साइंस और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। वक्ता ने इन तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग, औद्योगिक समस्याओं के समाधान, नवाचार और करियर निर्माण में उनकी भूमिका को समझाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आईबीएम स्किल बिल्ड के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों और प्रशिक्षण अवसरों की जानकारी दी गई। इनमें आईबीएम क्लाउड, आईबीएम वाटसन स्टूडियो, आईबीएम वाटसन असिस्टेंट, आईबीएम कॉग्नोस एनालिटिक्स, रेड हैट ओपनशिफ्ट, कंटेनरीकरण और वेब फ्रेमवर्क जैसी तकनीकों को शामिल किया गया है।
विद्यार्थियों को वर्षभर आयोजित होने वाले विभिन्न लाइव तकनीकी सत्रों में भाग लेने और आईबीएम विशेषज्ञों से सीखने का अवसर भी मिलेगा। पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने पर उद्योग जगत में मान्य डिजिटल कौशल बैज भी प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रशिक्षक प्रमेय तिवारी ने बताया कि वे अब तक दो हजार से अधिक विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों का प्रशिक्षण दे चुके हैं। विश्वविद्यालय ने इस पहल को विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल और रोजगार क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।