सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 सितंबर। थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 0563/2026 के तहत दर्ज अनुपम वस्त्रालय प्रकरण को लेकर कैट (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) के प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की वास्तविकता सामने लाने की मांग की।
ज्ञात हो कि अनुपम वस्त्रालय संचालक पर कपड़ा खरीदने गई आदिवासी लडक़ी से छेड़छाड़ का आरोप है। इस मामले की पुलिस जांच कर रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए कहा कि प्रकरण की जांच किसी वरिष्ठ एवं निष्पक्ष अधिकारी से कराई जाए। साथ ही कथित घटनास्थल का मौका निरीक्षण कर प्राथमिकी में दर्ज तथ्यों का भौतिक सत्यापन किया जाए। दोनों पक्षों के बयान, स्वतंत्र गवाहों और उपलब्ध दस्तावेजों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर वास्तविक तथ्य सामने लाने की मांग की गई।
व्यापारियों ने कहा कि व्यापारी समाज कानून और प्रशासन का सम्मान करता है तथा किसी वास्तविक पीडि़त को न्याय से वंचित करने के पक्ष में नहीं है। हालांकि, एकपक्षीय आरोप या तथ्यहीन शिकायत के आधार पर किसी व्यापारी को परेशान अथवा बदनाम नहीं किया जाना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि किसी निर्दोष व्यापारी को झूठे मामले में नहीं फंसाया जाएगा। मामले की निष्पक्ष जांच कर उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन के साथ प्रकरण से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी पुलिस प्रशासन को सौंपे गए। इनमें शंकरगढ़ में पूर्व में हुई घटना के संबंध में प्रस्तुत शपथ-पत्र की प्रति भी शामिल है।
इस दौरान कैट जिलाध्यक्ष रंजय स्वर्णकार ने सोशल मीडिया पर एकतरफा आरोपों और कथित चरित्र-हनन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए वीडियो के माध्यम से किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा प्रभावित करना उचित नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों की भी तथ्यात्मक जांच की मांग की।
प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने कहा कि व्यापारियों की मांग किसी को कानून से ऊपर रखने की नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण प्रक्रिया सुनिश्चित करने की है। यदि आरोप सही हैं तो नियमानुसार कार्रवाई हो, वहीं तथ्यहीन पाए जाने पर निर्दोष व्यापारी को अनावश्यक परेशानी से बचाया जाए।