सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 सितंबर। कांग्रेस नेता के साथ मारपीट के मामले में अब महिलाओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पीडि़त महिला के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर घटना में कथित रूप से शामिल षड्यंत्रकारियों के नाम प्रथम सूचना रिपोर्ट में शामिल करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस संबंध में महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
मामला 29 अगस्त की रात मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा का है, जहां कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सिद्धू के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। घटना के बाद मामले की शिकायत मणिपुर थाने में दर्ज कराई गई थी। घायल कांग्रेस नेता का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार भी कराया गया।
मंगलवार को कांग्रेस नेता की पत्नी गुरप्रीत कौर सिंह सिद्धू सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने मांग की कि मामले में घटना की साजिश में शामिल बताए जा रहे लोगों की भूमिका की भी जांच की जाए और उनके नाम प्रथम सूचना रिपोर्ट में शामिल किए जाएं। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
पीडि़त पक्ष का आरोप है कि मारपीट की घटना के पीछे एक भाजपा नेता की कथित भूमिका है। महिलाओं का यह भी आरोप है कि कांग्रेस नेता के साथ मारपीट करने वाले लोग घर में घुसे और वहां मौजूद महिलाओं के साथ भी मारपीट की। घटना से संबंधित कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात भी सामने आई है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी ने कहा कि जिले में लगातार आपराधिक घटनाएं बढऩे से कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि घर में घुसकर महिलाओं और कांग्रेस नेता के साथ मारपीट की घटना गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और वीडियो की जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।