सरगुजा

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
07-Sep-2026 8:37 PM
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

कलेक्टर ने अफसरों को दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 7 सितंबर। कलेक्टर अजीत वसंत ने सोमवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं शासकीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में लंबित कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा पूर्व निरीक्षणों में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम से जाति प्रमाण पत्र निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बच्चों के दस्तावेज उपलब्ध हैं, उनके जाति प्रमाण पत्र 2 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से बनाए जाएं। जिन बच्चों के दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, उनके प्रकरणों में 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभा के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा जन्म प्रमाण पत्र निर्माण, डीएमएफ कार्यों की वसूली एवं निर्माण कार्य, मुआवजा प्रकरण, अतिक्रमण सहित अन्य मामलों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत और पीजी पोर्टल से प्राप्त प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है।

कलेक्टर ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना, विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प लेना तथा केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों का आपसी समन्वय के साथ प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर

बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण करें और शिकायतकर्ता को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराएं।

उन्होंने विभागवार लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए 80 प्रतिशत से अधिक प्रकरणों के निराकरण का लक्ष्य निर्धारित किया। विशेष रूप से पंचायत, नगरीय प्रशासन एवं राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों के निराकरण का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर सुनील नायक एवं राम सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट