सरगुजा

12 लाख की मवेशी तस्करी में 5 बंदी
06-Sep-2026 8:51 PM
12 लाख की मवेशी तस्करी में 5 बंदी

दो पिकअप समेत 8 मवेशी जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 6 सितंबर। थाना लखनपुर पुलिस ने मवेशियों की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिकअप वाहन और आठ मवेशी बरामद किए हैं। जब्त मशरुका की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। बरामद मवेशियों में दो मृत और छह जीवित हैं।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चैनपुर काजूबाड़ी के पास दो पिकअप वाहनों में मवेशियों को अवैध रूप से लादकर बूचडख़ाने ले जाने की तैयारी की जा रही है। सूचना पर लखनपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान पिकअप क्रमांक यूपी 25 केटी 0155 में चार तथा यूपी 25 जेटी 4974 में चार मवेशी भैंसा क्रूरतापूर्वक लदे मिले।

पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार पांच लोगों से मवेशियों के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में आरोपियों की पहचान सूरज सारथी (32), नितिश राणा (25), जमीन उर्फ जमीर अंसारी (42), मो. आयुब (45) और मो. जुनैद (18 वर्ष 6 माह) के रूप में हुई।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 234/26 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज किया है। मृत दो मवेशियों का पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराया गया, जबकि छह जीवित मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। अपराध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पांचों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट