सरगुजा
बाइक समेत 50 हजार का माल जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 सितंबर। शहर के घुटरापारा क्षेत्र में पिकअप से कपड़ों की गठरी चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कपड़े, साड़ी, तिरपाल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत करीब 50 हजार रुपये का मशरुका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, घुटरापारा निवासी विकास सोनी साप्ताहिक बाजारों में कपड़े बेचने का काम करता है। उसने 29 अगस्त को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 और 29 अगस्त की दरम्यानी रात उसके घर के सामने खड़े पिकअप में रखे कपड़ों में से एक गठरी अज्ञात चोर ले गए। गठरी में साड़ी, कपड़े और पुरानी तिरपाल सहित करीब 15 हजार रुपये का सामान था।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 600/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्रार्थी के पड़ोस में रहने वाले रोशन राम चेरवा (24) और राज कुमार चेरवा (26) चोरी किए गए कपड़ों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घुटरापारा राजपूत चौक पहुंचकर दोनों को पकड़ा और पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने पिकअप से कपड़े, झोला और तिरपाल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का कपड़ा, साड़ी एवं वारदात में प्रयुक्त काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीजेड 6108 जब्त की गई। मामले में धारा 238 बीएनएसएस भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।