सरगुजा

पिता की अंतिम इच्छा पूरी कर पुत्र ने कराया नेत्रदान, दो की जिंदगी होगी रोशन
06-Sep-2026 3:40 PM
पिता की अंतिम इच्छा पूरी कर पुत्र ने  कराया नेत्रदान, दो की जिंदगी होगी रोशन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 6 सितंबर। पिता को खोने का दुख किसी भी परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक होता है, लेकिन इसी शोक की घड़ी में एक परिवार ने ऐसा निर्णय लिया, जो समाज के लिए प्रेरणादायी बन गया। स्वर्गीय कौन्तेय जायसवाल के निधन के बाद उनके पुत्र अजय जायसवाल ने पिता की वर्षों पुरानी इच्छा को सम्मान देते हुए उनका नेत्रदान कराया। परिवार के इस निर्णय से जरूरतमंद दो नेत्रहीन लोगों के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद जगी है।

जानकारी के अनुसार स्वर्गीय कौन्तेय जायसवाल ने वर्ष 1986 में नेत्रदान का संकल्प लिया था। उनके निधन के बाद परिजनों को जब उनकी इस इच्छा की जानकारी हुई तो पुत्र अजय जायसवाल ने आगे बढक़र नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराने का निर्णय लिया। 4 सितंबर को नेत्रदान पखवाड़े के दौरान यह प्रक्रिया जिला नोडल अधिकारी, अंधत्व एवं अल्पदृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. रजत टोप्पो के मार्गदर्शन में संपन्न कराई गई।

पिता के निधन से परिवार पहले ही गहरे सदमे में था, लेकिन परिजनों ने व्यक्तिगत पीड़ा से ऊपर उठकर समाजहित में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया। परिवार का कहना है कि स्वर्गीय कौन्तेय जायसवाल की इच्छा थी कि उनके जाने के बाद भी उनकी आंखें किसी जरूरतमंद के जीवन में उजाला लाने के काम आएं। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए उनके पुत्र ने नेत्रदान कराया।

एक नेत्रदान से दो लोगों को मिल सकती है रोशनी

नेत्रदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों को कॉर्नियल प्रत्यारोपण के माध्यम से दृष्टि मिलने की संभावना होती है।

जायसवाल परिवार के इस कदम ने न केवल स्वर्गीय कौन्तेय जायसवाल की अंतिम इच्छा को सम्मान दिया, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि मृत्यु के बाद भी मानव जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।नेत्रदान पखवाड़े के दौरान सामने आया यह उदाहरण लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करने के साथ यह भी बताता है कि किसी की जिंदगी में उजाला देने के लिए किया गया संकल्प वर्षों बाद भी समाज के लिए उम्मीद की किरण बन सकता है।


अन्य पोस्ट