सरगुजा

रक्षक बने साइबर शिक्षक, हजारों बच्चों को किया जागरूक
05-Sep-2026 8:49 PM
रक्षक बने साइबर शिक्षक, हजारों बच्चों को किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 5 सितंबर। छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत शिक्षक दिवस के अवसर पर सरगुजा पुलिस ने अनूठी पहल करते हुए स्कूलों और शिक्षकों के घर पहुंचकर बच्चों व शिक्षकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। ‘मैं हूं साइबर शिक्षक—साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा’ थीम पर आयोजित इस विशेष अभियान में जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने करीब 2000 स्कूली बच्चों को साइबर सुरक्षा के जरूरी पाठ पढ़ाए।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्कूलों में कक्षाएं लेकर बच्चों को सरल भाषा में साइबर अपराधों के तरीके और उनसे बचने के उपाय बताए। पुलिसकर्मियों ने कक्षाओं के ब्लैक बोर्ड पर साइबर अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां लिखकर विद्यार्थियों को व्यावहारिक तरीके से समझाया।

पुलिस ने बच्चों को ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड के बारे में बताया। फ्री गेमिंग कॉइन्स, स्किन, हथियार या अन्य इनाम के लालच में अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा गेमिंग चैट में किसी अजनबी से व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

इसी तरह सोशल मीडिया प्रोफाइल क्लोनिंग, फिशिंग और फर्जी लिंक, साइबर ग्रूमिंग व बुलिंग तथा ओटीपी और पासवर्ड फ्रॉड से बचाव के तरीके भी बताए गए। बच्चों से कहा गया कि सोशल मीडिया प्रोफाइल को निजी रखें, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और किसी संदिग्ध लिंक या पॉप-अप पर क्लिक न करें।

बच्चे बनेंगे घर के ‘साइबर शिक्षक’

पुलिस ने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होने के साथ अपने माता-पिता और बुजुर्गों को भी ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दें। ऑनलाइन किसी व्यक्ति द्वारा परेशान किए जाने या ब्लैकमेल करने की स्थिति में डरकर चुप रहने के बजाय तत्काल माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को जानकारी देने की समझाइश दी गई।

एसएसपी राजेश अग्रवाल ने कहा कि डिजिटल युग में बच्चों और युवाओं को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना प्राथमिकता है। स्कूल स्तर से ही जागरूकता बढ़ाकर साइबर ठगी के मामलों को काफी हद तक रोका जा सकता है।

पुलिस ने बच्चों को यह भी बताया कि ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।


अन्य पोस्ट