सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 सितंबर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय अंबिकापुर के सिटी कैंपस स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार में शनिवार को दीक्षारंभ एवं शिक्षक दिवस समारोह-2026 का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेन्द्र लाकपाले ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, अनुशासन, पाठ्यक्रम और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
कुलपति प्रो. राजेन्द्र लाकपाले ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीक्षारंभ केवल विश्वविद्यालय में प्रवेश की औपचारिकता नहीं, बल्कि विद्यार्थी के जीवन में नई शैक्षणिक और व्यक्तित्व विकास यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन, नैतिक मूल्यों, नवाचार, शोध और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिक्षकों के योगदान को किया याद
शिक्षक दिवस के अवसर पर कुलपति ने देश के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व और कृतित्व का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्रो. नीरज श्रीवास्तव ने प्रस्तावना प्रस्तुत की। इसके बाद प्रो. रोहिताश देशमुख ने शिक्षक दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे। उपकुलसचिव परीक्षा प्रवीण अग्रवाल ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली, मूल्यांकन पद्धति और वार्षिक अकादमिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
डायरी-पेन देकर किया विद्यार्थियों का स्वागत
समारोह में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय, शोध एवं नवाचार, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों सहित उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। कुलपति ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को डायरी और पेन प्रदान कर उनकी विश्वविद्यालयीन अकादमिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह के अंत में डॉ. रामाशीष तिवारी ने अतिथियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और शैक्षणिक प्रतिबद्धता का संचार करने के साथ शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों को और मजबूत बनाने का संदेश दिया।