सरगुजा
राजपरिवार के आयोजन में उमड़ा जनसैलाब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 सितंबर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के अवसर पर सरगुजा राजपरिवार की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली मटकी फोड़ प्रतियोगिता इस वर्ष भी धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुई। श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव की पहल पर आयोजित यह प्रतियोगिता का तीसरा वार्षिक आयोजन था। रघुनाथ पैलेस परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में बलरामपुर जिले के विश्रामनगर की श्री राम सेना टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
आयोजन की जिम्मेदारी राधावल्लभ पैलेस परिसर मटकी फोड़ समिति द्वारा संभाली गई। कार्यक्रम में सरगुजा राजपरिवार के मुखिया एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव तथा राजपरिवार के युवराज आदित्येश्वर शरण सिंहदेव विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।
पैलेस परिसर स्थित श्री राधावल्लभ मंदिर में दर्शन के बाद कार्यक्रम में शामिल हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के प्रति राजपरिवार की भक्ति और परंपरा को बदलते समय के साथ नए प्रतिमानों से जोडऩा है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और अधिक व्यापक बनाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, अजय अग्रवाल, जेपी श्रीवास्तव, शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, विनय शर्मा, संजय विश्वकर्मा, हेमंत तिवारी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक और आमजन मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में शुभम जायसवाल, चंद्र प्रकाश सिंह, दिनेश शर्मा, आतिश शुक्ला, अमित तिवारी राजा, शिवांशु गुप्ता, तरण बाबरा, राहुल सोनी, अनिकेत गुप्ता, आशू मिश्रा, पियूष सोनी, मनीष साहू, अनुग्रह बघेल, शिफतैन रजा, साहिल, ऋषिकेश मिश्रा, अमित सिंह, आर्यमन, अभय, अभिजीत, अविनाश कुमार और आकाश गुप्ता सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पांच टीमों ने लिया हिस्सा
मटकी फोड़ प्रतियोगिता में इस वर्ष कुल पांच टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें विश्रामनगर बलरामपुर की श्री राम सेना के अलावा ग्राम डिगमा की गणपति मटकी फोड़ समिति, अंबिकापुर के रितिक शर्मा की टीम, कनकपुर समिति और बलरामपुर मटकी फोड़ समिति शामिल रही। कड़े मुकाबले के बाद श्री राम सेना ने बाजी मार ली।
प्रतियोगिता की विजेता टीम के लिए इस वर्ष 41 हजार रुपये की इनामी राशि रखी गई थी, जो पिछले वर्ष की 21 हजार रुपये की राशि से लगभग दोगुनी है।
महिलाओं और बच्चों के लिए भी हुई प्रतियोगिताएं
मुख्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता के साथ महिलाओं, युवाओं और बच्चों के लिए भी विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ और मटकी रेस, युवाओं के लिए रस्साकशी तथा बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस, कुर्सी दौड़ और बोरी दौड़ प्रतियोगिता कराई गई। विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। विभिन्न प्रतियोगिताओं के चलते आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुटे और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।