सरगुजा

राधा-कृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी की धूम
04-Sep-2026 9:00 PM
राधा-कृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी की धूम

अंबिकापुर, 4 सितंबर। शहर के वनदेवी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और सुबह से ही भगवान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था।

जन्माष्टमी के अवसर पर राधा-कृष्ण की विशेष पूजा के साथ धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही अंबिकापुर शहर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दिनभर मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

शाम को मंदिर परिसर में परंपरागत मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी मटकी फोड़ को लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मटकी फोड़ कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुटे। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ मटकी फोडऩे का प्रयास किया और उपस्थित लोगों ने उनका हौसला बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाया। देर शाम तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। धार्मिक आयोजन और मटकी फोड़ कार्यक्रम ने जन्माष्टमी के उत्सव को और भी खास बना दिया।


अन्य पोस्ट