सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी सरगुजा कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान-2026 को लेकर गुरुवार को बैठक आयोजित की गई। जिला समन्वयक एवं विधायक रामकुमार टोप्पो के आतिथ्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की उपस्थिति में हुई बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों और रूपरेखा पर चर्चा की गई।
जिला समन्वयक रामकुमार टोप्पो ने अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित दस कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, जनसंपर्क और जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर शासन की योजनाओं से लाभान्वित लोगों से संवाद किया जाएगा। साथ ही योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव और उनकी प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाने का प्रयास होगा।
उन्होंने कहा कि बच्चों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और अन्य लाभार्थियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। कार्यकर्ताओं से सभी कार्यक्रमों को महज आयोजन तक सीमित नहीं रखते हुए सेवा और संवाद का माध्यम बनाने की अपील की गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि अभियान की सफलता में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा आपसी समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने किया। उन्होंने बताया कि अभियान के दस कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग समन्वयक एवं पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। संबंधित पदाधिकारी कार्यक्रमों की तैयारियों और क्रियान्वयन के लिए आवश्यक समन्वय करेंगे।
बैठक में जिला महामंत्री अरुणा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट संतोष दास, मधुसूदन शुक्ला, मधु चौदाहा, चंद्रिका प्रसाद यादव, विकास पांडेय, निश्चल प्रताप सिंह, वैभव सिंह देव, जनमेजय मिश्रा, मनोज गुप्ता, निलेश सिंह, देवेंद्र दुबे, रुपेश दुबे, शुभांगी बिहाड़े, आकाश गुप्ता, अजय प्रताप सिंह, विजय व्यापारी, निशांत सिंह सोलू, रवींद्र गुप्त भारती, प्रिया सिंह, सुनीत मिश्रा, राम प्रवेश पांडेय, मनोज सोनी, विमल मंडिलवार, जतीन परमार, अविनाश मंडल, अभिषेक माथुर, रवि विश्वकर्मा, अभिमन्यु श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।