सरगुजा

‘उमंग’ फोस्टर केयर कार्यक्रम पर संभाग स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला
03-Sep-2026 8:33 PM
‘उमंग’ फोस्टर केयर कार्यक्रम पर संभाग स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला

पारिवारिक वातावरण में बच्चों की देखभाल पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 सितंबर। मिशन वात्सल्य के तहत संचालित ‘उमंग’ पोषण देखरेख (फोस्टर केयर) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर होटल माखन विहार, अंबिकापुर में संभाग स्तरीय एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। राज्य बाल संरक्षण समिति, महिला एवं बाल विकास विभाग छत्तीसगढ़ के निर्देश तथा यूनिसेफ और सेंटर ऑफ एक्सलेंस इन अल्टरनेटिव केयर (सीईएसी) के तकनीकी सहयोग से आयोजित कार्यशाला में बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण लिया।

कार्यशाला का शुभारंभ जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सरगुजा जेआर प्रधान के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए सुरक्षित और स्नेहमयी पारिवारिक वातावरण जरूरी है। ‘उमंग’ फोस्टर केयर कार्यक्रम के माध्यम से देखरेख एवं संरक्षण की जरूरत वाले बच्चों को संस्थागत व्यवस्था के बजाय पारिवारिक परिवेश उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने बाल हित को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित पक्षों से संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।

कार्यशाला का संचालन जिला बाल संरक्षण अधिकारी विक्रमांक सिंह ने किया। उन्होंने प्रशिक्षण के उद्देश्य और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी।

आघात-सूचित देखरेख पर दिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान बच्चों में मानसिक आघात और उसके प्रभावों पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। सीईएसी की प्रबंध न्यासी डॉ. वसुंधरा ने ‘ट्रॉमा इंफॉर्म्ड केयर’ के तहत आघात से प्रभावित बच्चों के साथ व्यवहार, उनकी भावनात्मक जरूरतों और पुनर्वास से जुड़ी तकनीकी जानकारी साझा की।इसके अलावा फोस्टर केयर से दत्तक ग्रहण तक की प्रक्रिया, कानूनी प्रावधान, आवश्यक दस्तावेज और प्रशासनिक प्रक्रिया के संबंध में प्रतिभागियों को जानकारी दी गई। एसएआरए के प्रोग्राम मैनेजर राम सरन चोकसे ने  सीएआरए पोर्टल पर आने वाली ऑनलाइन समस्याओं तथा मिशन वात्सल्य पोर्टल पर प्रगति की ऑनलाइन प्रविष्टि से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण दिया।

कार्यशाला में सरगुजा संभाग के सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर और एमसीबी जिलों से बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, संरक्षण अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के सामाजिक कार्यकर्ता तथा शासकीय एवं अशासकीय बाल गृहों के अधीक्षक शामिल हुए।

कार्यक्रम के समापन पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी विक्रमांक सिंह ने यूनिसेफ, सीईएसी की तकनीकी टीम, राज्य बाल संरक्षण समिति के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट