सरगुजा

शक्कर की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह
03-Sep-2026 8:32 PM
शक्कर की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह

जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक बोले- सरकार की नीतियों से बिगड़ी स्थिति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 सितम्बर। शक्कर की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने गुरुवार को विवेकानंद प्रतिमा के सामने सत्याग्रह किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई पर नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि हाल के दिनों में शक्कर के दाम में काफी वृद्धि हुई है और कीमत करीब 40 रुपये से बढक़र 78 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। कांग्रेस ने इसके लिए केंद्र सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि समय से पहले पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण बढ़ाने, पर्याप्त भंडार नहीं होने के बावजूद शक्कर निर्यात की अनुमति देने और गन्ना किसानों को मिलों द्वारा समय पर भुगतान नहीं किए जाने से उत्पादन एवं भंडारण प्रभावित हुआ है।

जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि शक्कर की कीमतों पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने शक्कर आयात के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार का कदम ऐसा है जैसे प्यास लगने के बाद कुआं खोदा जा रहा हो। उनके अनुसार ब्राजील से कच्ची शक्कर आने में करीब 45 दिन लगेंगे और इसके बाद उसे प्रसंस्कृत कर बाजार तक पहुंचने में और समय लगेगा। ऐसे में त्योहारी सीजन तक आम उपभोक्ताओं को राहत मिलना मुश्किल है।

उन्होंने केंद्र सरकार से शक्कर का अधिकतम खुदरा मूल्य 40 रुपये प्रति किलो निर्धारित करने और निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक्री करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान करने की मांग की।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोनी ने भी केंद्र सरकार पर महंगाई को नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है।

 और सरकार को उपभोक्ताओं को तत्काल राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

सत्याग्रह में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी, ब्लॉक और मंडल अध्यक्ष, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, मोर्चा संगठनों के प्रभारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।


अन्य पोस्ट