सरगुजा
भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, दही-हांडी में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 सितम्बर। माउंट लिट्रा जी स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके कर्मयोग, प्रेम, करुणा, सत्य और कर्तव्य की शिक्षाओं से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद संस्थान के स्वामी तन्मयानंद आचार्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय के निदेशक केपी दीक्षित, उत्तम सिंह सिसोदिया, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता, प्रतीक दीक्षित तथा अकादमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडे की उपस्थिति रही। अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन के स्वागत के बाद भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत पूजन और आरती की गई।
इस दौरान विद्यार्थियों ने कृष्ण भजन, भाषण, संस्कृत प्रस्तुतियों सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों को प्रस्तुत किया। स्वामी तन्मयानंद आचार्य ने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार और सही कर्म को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
विद्यालय के निदेशक केपी दीक्षित ने विद्यार्थियों से श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन से प्रेरणा लेते हुए सत्य, धर्म, कर्तव्य और कर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। अकादमिक डायरेक्टर डॉ. बृजेश पांडे ने भी विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के आदर्शों को व्यवहारिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
दही-हांडी ने बढ़ाया उत्सव का उत्साह
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दही-हांडी रहा। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। अलेख तिवारी एवं उनकी ग्वाला टीम के सहयोग और मार्गदर्शन में दही-हांडी का आयोजन किया गया। आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या वर्षा अग्रवाल ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और त्योहारों से जुड़े आयोजन विद्यार्थियों को अपनी परंपराओं से जोडऩे के साथ उनमें नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सोनिया, मुक्ति, प्राची राय, उमा, जय किशन, खुशबू, दुर्गा सहित शिक्षकों एवं पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों और टीम सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।