सरगुजा

मोबाइल चार्जर में जुगाड़ करना पड़ा भारी, करंट से युवक की मौत
02-Sep-2026 9:09 PM
मोबाइल चार्जर में जुगाड़ करना पड़ा भारी, करंट से युवक की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर, 2 सितंबर। मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए चार्जर में अतिरिक्त तार जोडक़र बिजली कनेक्शन लेना एक युवक को भारी पड़ गया। तार में आए करंट की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना सरगुजा जिला के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डोई की है।

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे युवक का चाचा ठाकुर सिंह सब्जी लेने उसके घर पहुंचा था। घर के भीतर पहुंचने पर उसने भतीजे को जमीन पर बेसुध हालत में पड़ा देखा। आवाज देने पर युवक ने बताया कि उसे बिजली का झटका लग रहा है और तार हटाने के लिए कहा।

चाचा ने तुरंत बिजली बोर्ड से तार का कनेक्शन अलग किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक ने मोबाइल चार्जर के साथ अतिरिक्त तार जोडक़र उसे विद्युत प्लग में लगाया था। इसी दौरान तार में उसके दोनों हाथों की तर्जनी उंगलियां चिपक गईं और वह करंट की चपेट में आ गया।

घटना के बाद परिजन युवक को लेकर सीएचसी उदयपुर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाते हुए मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

 


अन्य पोस्ट