सरगुजा

कलेक्टर ने विकासखण्ड लुण्ड्रा का किया दौरा
02-Sep-2026 9:07 PM
कलेक्टर ने विकासखण्ड लुण्ड्रा का किया दौरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 सितंबर। कलेक्टर अजीत वसंत ने बुधवार को जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव के साथ विकासखण्ड लुण्ड्रा का दौरा किया। उन्होंने यहां विभिन्न विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्र, पीडीएस व्यवस्था सहित निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण कर सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने  विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं एवं शिक्षा की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालयों में विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, मध्यान्ह भोजन, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

हाई स्कूल बबौली के निरीक्षण में उन्होंने  कक्षा 9वीं एवं 10वीं के छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा मेहनत कर सफलता हासिल करने प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय प्राचार्य को बच्चों में प्रतिदिन समाचार पढऩे की आदत विकसित करने कहा।  प्राथमिक शाला बबौली के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का अवलोकन किया तथा रसोई में गैस की व्यवस्था हेतु बीईओ व प्रधान पाठक को निर्देशित किया। वहीं

माध्यमिक शाला उरांव पारा बबौली के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रधान पाठक एवं बीईओ को सभी बच्चों  पाठ्य पुस्तक वितरण करने कह। इस दौरान उन्होंने पठन कौशल एवं समझने की क्षमता की जानकारी ली तथा अंग्रेजी के शिक्षक से बच्चों को अंग्रेजी अध्यापन के साथ उसका हिन्दी में अर्थ समझाने कहा। इसी कड़ी में उन्होंने माध्यमिक शाला अमड़ी में भी शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

 आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के पोषण, उपस्थिति एवं केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश-

इस दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर संचालित गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र अमड़ी खास पारा का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति की जानकारी ली तथा भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने कहा। उन्होंने आंगनबाड़ी का संचालन समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा महिला एवं बाल विकास अधिकारी से दर्ज संख्या, गर्भवती एवं कुपोषित बच्चों हेतु सुपोषण अभियान के तहत मिलने वाले मिलेट बार की जानकारी ली। इसी कड़ी में आंगनबाड़ी केन्द्र उरांव पारा अमड़ी में बच्चों के उपस्थिति एवं भोजन की गुणवत्ता बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र में पोषण आहार, साफ-सफाई, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।


अन्य पोस्ट