सरगुजा

व्यापारी कर संवाद: आयकर विभाग ने कारोबारियों को दी जानकारी
02-Sep-2026 9:04 PM
व्यापारी कर संवाद: आयकर विभाग ने कारोबारियों को दी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 सितंबर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), छत्तीसगढ़ एवं आयकर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को होटल अलंकार ग्रीन्स, ब्रह्मरोड, अंबिकापुर में  ‘व्यापारी कर संवाद ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों एवं आयकर विभाग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा आयकर संबंधी विषयों को लेकर व्यापारियों में व्याप्त भ्रांतियों एवं भय को दूर करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रवीण एन. परिहार, आईटीओ-1, अंबिकापुर रहे। कार्यक्रम को कैट छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रविंद्र तिवारी एवं आयकर इंस्पेक्टर श्री एस.पी. पात्रा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने व्यापारियों को आयकर कानून, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, आवश्यक अनुपालन, दस्तावेजों के रख-रखाव तथा आयकर से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। साथ ही व्यापारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया गया।

इस अवसर पर कैट छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने कहा कि आयकर विभाग को लेकर व्यापारियों के बीच लंबे समय से एक भय का वातावरण बना रहता है। इस भय के वातावरण को समाप्त करना कैट का प्रमुख उद्देश्य है। व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच परस्पर संवाद स्थापित हो, व्यापारी अपनी समस्याओं और जिज्ञासाओं को सहजता से विभाग के समक्ष रख सकें तथा विभाग की कार्यप्रणाली और आयकर कानून को लेकर सही जानकारी व्यापारियों तक पहुंचे—इसी उद्देश्य से ‘व्यापारी कर संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि व्यापारी और आयकर विभाग एक-दूसरे के सहयोगी हैं और सही जानकारी एवं पारदर्शी संवाद के माध्यम से कर अनुपालन को और बेहतर बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कैट सरगुजा के जिला अध्यक्ष रंजय स्वर्णकार ने की। कार्यक्रम में टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अभिषेक शर्मा, दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष अमित ‘मिंटू’ अग्रवाल, किराना व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री गोपाल अग्रवाल, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पी.के. सोनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने आयकर से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न रखे, जिनका आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया गया। उपस्थित व्यापारियों ने इस प्रकार के संवादात्मक कार्यक्रमों को व्यापारिक समुदाय के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।

कैट सरगुजा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच विश्वास, संवाद एवं बेहतर समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।-


अन्य पोस्ट