सरगुजा
शिकायत नहीं करने दबाव बनाने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 सितम्बर। जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में तंबाकू मांगने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर रॉड से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने आरोपी के पिता पर इलाज के लिए आर्थिक मदद देने के बदले पुलिस में शिकायत नहीं करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर केस डायरी संबंधित थाने को भेज दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम डोभा निवासी उमेश पिता जुगे राम 28 अगस्त की रात करीब 9 बजे गांव गया था। इसी दौरान उसने गांव के ही रुस्तम से तंबाकू मांगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि नाराज रुस्तम ने लोहे की रॉड से उमेश के सिर पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उमेश मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सन्ना अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया। परिजन उसे अंबिकापुर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर कर दिया।
इलाज के लिए मांगी मदद, नहीं मिले रुपए
परिजनों का आरोप है कि रायपुर ले जाने और इलाज के लिए पर्याप्त रकम नहीं होने पर उन्होंने आरोपी रुस्तम के पिता से आर्थिक मदद मांगी। इस दौरान कथित तौर पर उसने कहा कि यदि थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई तो वह इलाज के लिए कोई रुपए नहीं देगा। आर्थिक परेशानी के चलते परिजन उमेश को वापस घर ले आए।
बाद में तबीयत बिगडऩे पर उमेश को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। केस डायरी जशपुर जिले के संबंधित थाने को भेजी गई है।