सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 1 सितंबर। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 10 हजार रुपए की ठगी करने के मामले में मणिपुर थाना पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान ग्राम इन्दरपुर निवासी त्रिपाल टोप्पो उर्फ गुलाब के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और एक नोटबुक जब्त की है। मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम इन्दरपुर निवासी विद्याचरण राव ने मणिपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके गांव के त्रिपाल टोप्पो ने ऑनलाइन शेयर बाजार में निवेश से फायदा होने की जानकारी देकर उसे भी इस योजना से जुडऩे के लिए कहा था। इसके बाद उसकी मुलाकात उदयपुर निवासी राजकुमार पैकरा से कराई गई।
शिकायत के मुताबिक राजकुमार पैकरा ने बिगेट वॉलेट (एलजीएनएस) क्रिप्टो वॉलेट ऐप में पैसा लगाने पर अधिक रकम मिलने का दावा किया। 19 जुलाई को प्रार्थी को होटल फिल आनंदम में निवेश संबंधी प्रशिक्षण में बुलाया गया। वहां कांता प्रसाद राजवाड़े सहित अन्य लोगों को लैपटॉप और प्रोजेक्टर के माध्यम से ऐप में निवेश कर रकम बढ़ाने की जानकारी दी जा रही थी।
इसी दौरान राजकुमार पैकरा ने एक वर्ष में 10 हजार रुपए को एक लाख रुपए करने का लालच देकर प्रार्थी से 10 हजार रुपए नगद ले लिए। इसके बाद प्रार्थी को ठगी का अहसास हुआ और उसने मणिपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 132/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4) और 61(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पहले पांच आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने कांता प्रसाद राजवाड़े, राजकुमार पैकरा, जीवन साय टोप्पो, फिरोज लकड़ा और मुकेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने त्रिपाल टोप्पो को पकड़ा। पूछताछ में उसके द्वारा क्रिप्टोकरेंसी और संबंधित ऐप के प्रचार-प्रसार से जुड़े होने की जानकारी सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के अलावा देश के दूसरे राज्यों में भी इस योजना के प्रचार-प्रसार की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक मुनाफे के लालच में किसी अनजान या संदिग्ध ऑनलाइन ऐप में निवेश न करें। किसी भी योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी विश्वसनीयता और वैधता की जांच करें, अन्यथा वे साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।