सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 1 सितंबर। सरगुजा जिले में लंबे समय से लंबित स्थायी वारंटों की तामील को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने नौ साल पुराने मारपीट के मामले में फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित स्थायी वारंट एवं गिरफ्तारी वारंट की तामील करते हुए लंबे समय से फरार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने आपराधिक प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी विकास यादव गुदरी बाजार, थाना कोतवाली अंबिकापुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 में मारपीट एवं धमकी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।
पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी के संबंध में जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसे पकडक़र स्थायी वारंट की तामील की और न्यायालय में पेश किया।