सरगुजा

सवर्ण समाज फोरम ने उठाई 10 फीसदी ईडब्ल्यूएस आरक्षण समेत 6 मांगें
01-Sep-2026 8:53 PM
सवर्ण समाज फोरम ने उठाई 10 फीसदी ईडब्ल्यूएस आरक्षण समेत 6 मांगें

सवर्ण आयोग गठन की भी मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 1 सितम्बर। सरगुजा संभाग सवर्ण समाज फोरम की बैठक 30 अगस्त को स्थानीय भजनाश्रम, राम मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में सवर्ण समाज के प्रति राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा की जा रही कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों और सरकार द्वारा समाज के हितों की अनदेखी किए जाने पर चिंता जताई गई। बैठक के बाद फोरम ने सरकार के समक्ष छह प्रमुख मांगें रखीं।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि देश की स्वतंत्रता से लेकर राष्ट्र निर्माण तक सवर्ण समाज ने सामाजिक समरसता, सद्भाव, आदिवासी एवं वंचित वर्गों के उत्थान तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके बावजूद राजनीतिक कारणों से समाज के हितों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया गया।

फोरम ने केंद्र की तर्ज पर राज्य में 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस आरक्षण को प्रभावी रूप से लागू करने, अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग आयोग की तर्ज पर सवर्ण आयोग का गठन करने की मांग की। इसके साथ ही यूजीसी आरक्षण व्यवस्था में किए गए कथित भेदभावपूर्ण संशोधनों को निरस्त करने की मांग भी रखी गई।

बैठक में आरक्षण का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए सभी आरक्षित वर्गों में समान आय सीमा लागू करने की मांग की गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से आरक्षण का लाभ ले रहे आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सक्षम परिवारों की अगली पीढिय़ों को आरक्षण के दायरे से बाहर करने की व्यवस्था पर भी विचार होना चाहिए।

इसके अलावा आईएएस, आईपीएस, मंत्री, विधायक और सांसद जैसे उच्च पदों पर लंबे समय से कार्यरत प्रभावशाली परिवारों के बच्चों को आरक्षण लाभ से बाहर करने तथा आरक्षित वर्ग से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बार-बार आरक्षण का लाभ मिलने की व्यवस्था पर पुनर्विचार की मांग की गई।

फोरम ने जनप्रतिनिधियों को अलग-अलग चुनाव जीतने के आधार पर अलग-अलग पेंशन देने की व्यवस्था समाप्त कर पेंशन प्रणाली को समान, पारदर्शी और न्यायसंगत बनाने की मांग भी रखी। प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि सरकार मांगों पर गंभीरता से विचार कर सामाजिक समानता और समरसता को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाएगी।


अन्य पोस्ट