सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 31 अगस्त। कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह सिद्धू एवं उनकी पत्नी पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में निष्पक्ष जांच और सभी संदिग्धों के नाम एफआईआर में शामिल किए जाने की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक सरगुजा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, 29 अगस्त की रात कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह सिद्धू के घर में घुसकर उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई थी। घटना में घायल गुरुप्रीत सिंह सिद्धू का रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में उपचार चल रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि घटना के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू की भूमिका होने का संदेह है और हमले में शामिल लोगों के उनके रिश्तेदार एवं व्यावसायिक साझेदार होने का दावा किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने प्राथमिकी में प्रकाश साहू का नाम जोडऩे की मांग की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से प्रकाश साहू के पुराने आपराधिक मामलों का हवाला देते हुए उसके विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने कहा कि घटना के बाद आरोपी पक्ष का पीडि़त पक्ष से पहले थाने पहुंचना भी कई सवाल खड़े करता है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने घटना के दौरान हमलावरों के संपर्क में रहे सभी लोगों के मोबाइल संपर्कों की जांच कर उनकी पहचान किए जाने की मांग की, ताकि कथित षड्यंत्र के सूत्रधारों का पता लगाया जा सके।
मीडिया से चर्चा में बालकृष्ण पाठक ने कहा कि हाल के ऐसे सभी मामलों को विधानसभा में प्रश्न के रूप में उठाने के लिए भेजा जाएगा, जिनमें कांग्रेस के अनुसार भाजपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता है और पुलिस पर राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही है। प्रतिनिधिमंडल में भानुप्रताप सिंह, इरफान सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने दोषियों पर कठोर कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था बहाल करने की मांग की।