सरगुजा
न्यूनतम शुल्क में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 28 अगस्त। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम जुनवानी में 15 अगस्त को संगवारी स्वास्थ्य केंद्र के छह बिस्तरीय अस्पताल का शुभारंभ हुआ। ग्रामीण अंचल में शुरू हुई यह स्वास्थ्य सेवा अब केवल जुनवानी या सरगुजा तक सीमित नहीं है। संगवारी की चिकित्सा सेवाओं का लाभ लेने के लिए छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ आसपास के प्रदेशों से भी मरीज यहां उपचार के लिए पहुंच चुके हैं।
संगवारी स्वास्थ्य केंद्र की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पिछले करीब चार वर्षों से ग्राम अमगसी में अस्थायी क्लिनिक के माध्यम से मरीजों को सेवाएं दे रही थी। इस दौरान दूर-दराज के क्षेत्रों से भी मरीज उपचार के लिए यहां पहुंचे। मरीजों के भरोसे और लगातार बढ़ती जरूरत को देखते हुए अब छह बिस्तरीय अस्पताल के रूप में स्वास्थ्य सेवाओं को विस्तार दिया गया है।
ज्ञात हो कि 15 अगस्त को हुए शुभारंभ कार्यक्रम में पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, भाजपा वरिष्ठ नेता अजीत सिंह, चौपाल के संयोजक गंगाराम पैकरा, नरकालो के सरपंच प्रेम सिंह, उप सरपंच हरीश सोनी, जुनवानी की सरपंच परमेश्वरी सिंह, उप सरपंच छोटेलाल मिंज, मंडल अध्यक्ष रवि महंत, सचिव उपेंद्र सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
वर्तमान में अस्पताल में नर्सिंग स्टेशन, ओपीडी, ईसीजी, एक्स-रे, मरीज भर्ती, लैब और दवाई घर की सुविधा उपलब्ध है। न्यूनतम शुल्क में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का उद्देश्य इस अस्पताल की प्रमुख विशेषता है।
अस्पताल निर्माण के लिए जुनवानी पंचायत ने करीब छह एकड़ भूमि उपलब्ध कराई है।
प्रशासनिक स्तर पर 30 वर्ष की लीज मिलने के बाद फिलहाल सीमित क्षेत्र में छह बिस्तरीय अस्पताल शुरू किया गया है। आने वाले कुछ वर्षों में इसे अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय अस्पताल के रूप में विकसित करने की योजना है।
ग्रामीणों के विरोध से सहमति तक का सफर
अस्पताल के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आसान नहीं रही। जुनवानी पंचायत से प्रस्ताव मिलने के बाद कुछ ग्रामीणों ने जमीन देने का विरोध किया था। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं स्थानीय निवासी अजीत सिंह और पूर्व सरपंच सुनील सिंह ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें अस्पताल के महत्व और इससे क्षेत्र को मिलने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में समझाया। इसके बाद ग्रामीणों के बीच सहमति बनी और अस्पताल निर्माण का रास्ता साफ हुआ।