सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाने के उद्देश्य से ‘साइबर सुरक्षा बंधन’ अभियान चलाया गया। सरगुजा जिले में डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों, महिला पुलिसकर्मियों और जवानों ने नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने नागरिकों की कलाई पर राखी के साथ ‘साइबर जागरूकता का रक्षा सूत्र’ बांधा। इसके माध्यम से लोगों से ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने और साइबर ठगों से सतर्क रहने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान साइबर ठग फर्जी गिफ्ट, डिस्काउंट और आकर्षक ऑफर के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास करते हैं।
अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह
पुलिस ने नागरिकों को रक्षाबंधन अथवा अन्य त्योहारों के नाम पर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक से दूर रहने की सलाह दी। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी या यूपीआई पिन साझा नहीं करने के लिए भी जागरूक किया गया।
इसके अलावा फर्जी कस्टमर केयर, लॉटरी, पार्सल फंसने और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी साइबर ठगी से जुड़ी कॉल से सावधान रहने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि ऐसी कॉल आने पर घबराने के बजाय तत्काल संबंधित थाना अथवा पुलिस को सूचना दें।
15 अगस्त से चल रहा साइबर जागृति अभियान
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से सात सप्ताह का व्यापक ‘साइबर जागृति अभियान’ संचालित किया जा रहा है।
रक्षाबंधन के अवसर पर इस अभियान को जन-जागरूकता से जोड़ते हुए पुलिस ने नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य प्रदेश को साइबर अपराधों से सुरक्षित बनाने के साथ लोगों में ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें कॉल
सरगुजा पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होता है तो बिना देरी किए केंद्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, रकम को रोकने या वापस दिलाने की संभावना उतनी ही बेहतर रहती है।
पुलिस ने रक्षाबंधन के अवसर पर नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बहन-भाई की सुरक्षा के साथ अपनी डिजिटल सुरक्षा का भी संकल्प लें और साइबर अपराधियों के खिलाफ जागरूकता को ही सबसे मजबूत रक्षा सूत्र बनाएं।