सरगुजा

जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, गूंजा भाईचारे और इंसानियत का संदेश, प्रतिभाओं का सम्मान
26-Aug-2026 8:38 PM
जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, गूंजा भाईचारे और इंसानियत का संदेश, प्रतिभाओं का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 अगस्त। मुस्लिम समाज के प्रवर्तक पैगंबर मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन के अवसर पर अंबिकापुर में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का त्योहार श्रद्धा, शालीनता और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न मोहल्लों से निकले जुलूस मुख्य मार्गों से होते हुए कला केंद्र मैदान पहुंचे, जहां सीरतुननबी कमेटी अंबिकापुर द्वारा भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी धर्म, संप्रदाय और वर्ग के प्रबुद्धजन, धर्मगुरु एवं बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।

कार्यक्रम को ईसाई समाज के धर्मगुरु बिशप स्वामी डॉ. एंथोनी बड़ा, सिख समाज के वक्ता हरदीप सिंह जिंदल, हिंदू धर्म के वक्ता अंजनी कुमार पांडे तथा मुस्लिम समाज के धर्मगुरु मौलाना सगीर मिस्बाही और मौलाना हमीद रजा ने संबोधित किया। वक्ताओं ने पैगंबर मोहम्मद साहब के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए मानवता, अहिंसा, महिला अधिकार, न्याय, अनुशासन, सौहार्द और दूसरे धर्मों के सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने देशप्रेम और सामाजिक एकता को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने की सराहना

सभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सरगुजा के पूर्व उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि सीरतुननबी कमेटी द्वारा प्रतिवर्ष सांप्रदायिक सद्भावना की जो मिसाल पेश की जाती है, वह अनोखी है। सभी वर्गों को शामिल कर शहर के आपसी भाईचारे और समरसता को मजबूत करना सराहनीय है।

शफी अहमद ने कहा- भाईचारा ही शहर की पहचान

नगर निगम अंबिकापुर के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी का पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर की पहचान आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता से है। सीरतुननबी कमेटी द्वारा सभी धर्मों के लोगों को एक मंच पर लाकर कार्यक्रम आयोजित करना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को एक-दूसरे की आस्था और संस्कृति का सम्मान करने की सीख मिलती है। उन्होंने शहरवासियों से शांति, सौहार्द और एकता की भावना को मजबूत बनाए रखने की अपील की।

प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ बॉक्सिंग, हैंडबॉल, शूटिंग, कुश्ती और कैरम में जिला एवं राज्य स्तर पर अंबिकापुर का नाम रोशन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया। वहीं यूपीएससी एवं सीजीपीएससी में सफलता हासिल करने वाले युवाओं को भी सम्मान मिला। समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए रजा यूनिटी फाउंडेशन, गौ सेवा मंडल और मुस्लिम युवा मंच सहित शहर के विभिन्न मदरसों के होनहार छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में योगदान देने वाले मसूद आलम और फैजान अहमद तथा विभिन्न मोहल्लों की सजावट में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कमेटियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण कमेटी अध्यक्ष मेराज गुड्डू ने दिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। संचालन फैजान अहमद तथा आभार प्रदर्शन कार्यकारी अध्यक्ष नियाजउद्दीन खान निक्की ने किया।


अन्य पोस्ट