सरगुजा
अंबिकापुर, 26 अगस्त। अंबिकापुर शहर के मायापुर क्षेत्र में कोतवाली पुलिस ने देर रात एक मकान में दबिश देकर कथित रूप से गौ मांस बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कार्रवाई की सूचना स्थानीय गौ रक्षकों की ओर से पुलिस को दी गई थी।
जानकारी के अनुसार भगवा ब्रिगेड गौ सेवा मंडल के सदस्य गोपाल तिवारी को मायापुर स्थित एक मकान में कथित तौर पर गौ-मांस रखे जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान की तलाशी ली। पुलिस ने वहां से संदिग्ध मांस बरामद कर उसे जब्त कर लिया और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। बरामद मांस को जांच के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मांस कहां से लाया गया था और मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।