सरगुजा
प्रेमिका ने भी उठाया आत्मघाती कदम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,26 अगस्त। अंबिकापुर शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक और युवती ने कथित तौर पर अपने गले पर चाकू से वार कर लिया। घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोहन पैकरा (28) और युवती पिछले कुछ समय से गांधीनगर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। दोनों के बीच करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था और वे एक दुकान में काम करते थे। बुधवार सुबह युवती बाथरूम से बाहर आई तो उसने मोहन को खून से लथपथ हालत में देखा। उसके गले पर गंभीर चोट थी। घटना से घबराई युवती ने भी कथित तौर पर चाकू से अपने गले पर वार कर लिया।
चीख-पुकार सुनकर मकान मालिक दयाल मंडल मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम के पहुंचने तक मोहन की मौत हो चुकी थी। वहीं युवती घायल अवस्था में मिली। डायल-112 की टीम ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
रक्षाबंधन पर घर जाने को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों के बीच रक्षाबंधन के अवसर पर घर जाने को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि युवती चाहती थी कि मोहन उसके साथ घर चले, ताकि परिजनों से शादी के संबंध में बातचीत की जा सके। हालांकि मोहन इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से चाकू बरामद कर लिया है और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी दिलीप दुबे ने बताया कि मोहन पैकरा दरिमा क्षेत्र का निवासी था, जबकि युवती सूरजपुर जिले के गांव की रहने वाली है। दोनों लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे और पिछले करीब दो माह से गांधीनगर में किराए के मकान में रह रहे थे। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।