सरगुजा
अस्पताल में मरीजों को फल वितरित कर जाना हालचाल, अमन-शांति और भाईचारे का दिया संदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 26 अगस्त। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की याद में मनाया जाने वाला ईद मिलादुन्नबी का पर्व बुधवार को लखनपुर में अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। पूरे नगर में दिनभर जश्न का माहौल रहा।
अमन अंजुमन गौसिया कमेटी एवं ईद मिलादुन्नबी कमेटी के तत्वावधान में सुबह 9 बजे लखनपुर जामा मस्जिद से तिरंगा और इस्लामी झंडों के साथ जुलूस निकाला गया। जुलूस गांधी चौक, अस्पताल चौक, वार्ड क्रमांक-5, अब्दुल कलाम चौक, पुलिस थाना, राष्ट्रीय राजमार्ग-130, गुदरी चौक और प्रतीक्षा बस स्टैंड होते हुए पुन: जामा मस्जिद पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया।
जामा मस्जिद के पेश इमाम तौफीक रजा ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जीवनी और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए समाज के लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस दौरान युवाओं ने नात शरीफ पढ़ी। जुलूस के दौरान धार्मिक नारों से पूरा नगर गूंज उठा। लोगों ने पैगंबर मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए अमन, शांति, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया।
ईद मिलादुन्नबी को लेकर मस्जिदों, प्रमुख स्थानों और लोगों के घरों को रंग-बिरंगी रोशनी, पतंगों और इस्लामी झंडों से सजाया गया था। जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा और यातायात सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा।
अस्पताल में मरीजों को फल वितरित
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज के सदस्यों ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए और उनका हालचाल जाना। इसके साथ ही जरूरतमंद और गरीब लोगों के बीच भी फल बांटे गए। समाज की ओर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी सेवा और सद्भावना का यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कमेटी सदर हाजी इदरीश खान, सेक्रेटरी नसरत अली, खजांची जौहर अली, पूर्व सदर शराफत अली, शहाबुद्दीन खान, महबूब हैदर, फिरदौस अख्तर, इरशाद खान पप्पू, शमीमउद्दीन खान, समीम खान, हाशिम खान, जानिसार अख्तर, रुस्तम खान, इमरान अंसारी, शाकिर अंसारी, मतीन अख्तर, शमशेर आलम, सदाकत अली, असलम अली, अमजद अली सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
त्योहार के मद्देनजर करीब एक माह पहले से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। जुलूस के बाद जामा मस्जिद में धार्मिक कार्यक्रम और तकरीर का आयोजन किया गया। वहीं मुस्लिम समाज की ओर से लंगर की व्यवस्था भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।