सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 25 अगस्त। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर 25 अगस्त को जिला मुख्यालय अम्बिकापुर में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कला केंद्र मैदान में आयोजित धरना-प्रदर्शन के बाद हजारों शिक्षकों ने विशाल ‘टेट मुक्ति महारैली’ निकालकर अपनी मांगों की आवाज बुलंद की।
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन में शिक्षकों के अधिकार, सेवा सुरक्षा तथा पदोन्नति में टीईटी की बाध्यता समाप्त करने सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। रैली कला केंद्र मैदान से प्रारंभ होकर कलेक्टर कार्यालय एवं कलेक्ट्रेट से होते हुये जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय तक पहुंची, जहां मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव एवं लोक शिक्षण संचालनालय के नाम कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में नियुक्त शिक्षकों के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में टेट अनिवार्य नहीं था। ऐसे में वर्षों तक सेवा देने के बाद नई प्रक्रिया के तहत टेट की अनिवार्यता से हजारों शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। मोर्चा ने सवाल उठाया कि 28 वर्षों तक शिक्षण सेवा और अनुभव रखने वाले शिक्षकों को अब दोबारा टेट जैसी परीक्षा देने के लिए बाध्य क्यों किया जा रहा है?
रैली के पश्चात मोर्चा के जिला संयोजक कमलेश सिंह ने टेट से प्रभावित शिक्षकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी सेवा सुरक्षा की गारंटी संगठन की प्रमुख प्राथमिकता है। संगठन के अनुसार विभागीय स्तर पर भी इस विषय में सकारात्मक चर्चा हुई है तथा शिक्षकों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगो पर विचार किये बिना, पदोन्नति सूची जारी की जायेगी तो मोर्चा द्वारा उग्र आंदोलन करते हुए सम्भागीय संयुक्त संचालक एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया जायेगा ।
पूर्व में इन मांगों को लेकर शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रदेश संयोजकों द्वारा शिक्षा सचिव कमलप्रीत सिंह एवं लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक ऋतुराज रघुवंशी से मुलाकात कर टेट प्रभावित शिक्षकों सहित विभिन्न शिक्षक समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों के समक्ष शिक्षकों की समस्याओं एवं संगठन की कार्ययोजना रखते हुए सकारात्मक पहल का आग्रह किया गया।
मोर्चा द्वारा प्रदेश के शिक्षकों के लिए क्च.श्वस्र. ब्रिज कोर्स, 13 फरवरी 2026 को जारी नई भर्ती एवं पदोन्नति नियमों की विसंगतियों को दूर करने, पुरानी पेंशन के लिए पूर्व सेवा की गणना करने तथा शिक्षक-कर्मचारियों को केंद्रीय स्तर का वेतनमान प्रदान कर वेतन विसंगति दूर करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
हड़ताल करना और परिणाम तक पहुंचाना अलग विषय
शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय सह संचालक मुकेश मूदलियार ने कहा कि केवल आंदोलन करना ही संगठन का उद्देश्य नहीं है, बल्कि आंदोलन को सकारात्मक परिणाम तक पहुंचाना भी जरूरी है। शिक्षकों के हित में विभाग के साथ संवाद और संघर्ष, दोनों स्तरों पर रणनीति के साथ कार्य किया जा रहा है।
शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला संचालक कमलेश प्रताप सिंह, नरेंद्र मिश्रा एवं श्रीमती स्नेहलता पाठक ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि जिले के टेट प्रभावित शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है।
राज्यव्यापी आंदोलन के तहत जिले के सभी विकासखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं अम्बिकापुर पहुंचे। प्रदेश के रुक्च संवर्ग के तीन प्रमुख संगठन छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन, शालेय शिक्षक संघ एवं प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ ने एकजुट होकर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा का गठन किया है।