सरगुजा
परवेज गांधी बोले- मोदी सरकार की नीतियों से बढ़ी परेशानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,25 अगस्त। त्योहारों से पहले चीनी की बढ़ती कीमतों और देश में घटते चीनी भंडार को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के प्रमुख चीनी उत्पादक और निर्यातक देशों में शामिल भारत में चीनी का स्टॉक चिंताजनक स्तर तक पहुंचना और विदेश से चीनी आयात करने की नौबत आना सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता को दर्शाता है।
परवेज गांधी ने कहा कि त्योहारों की मिठास पर महंगाई की मार पड़ रही है। पिछले कुछ महीनों में चीनी की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम आदमी, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ ही मिठाई कारोबारियों और छोटे दुकानदारों का बजट प्रभावित हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार को चीनी के संभावित संकट का अंदाजा था तो समय रहते पर्याप्त स्टॉक क्यों नहीं बनाया गया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि देश में चीनी का स्टॉक वर्षों के निचले स्तर तक कैसे पहुंचा और 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने चीनी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी की जिम्मेदारी तय करने की मांग भी की।
उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार आत्मनिर्भर भारत की बात करती है, वहीं दूसरी ओर चीनी आयात करने की स्थिति बन रही है। उन्होंने गन्ने और अनाज के इस्तेमाल को चीनी उत्पादन तथा एथेनॉल उत्पादन के बीच संतुलित करने की जरूरत बताते हुए ई-20 नीति की खाद्य सुरक्षा पर पडऩे वाले प्रभाव की समीक्षा की मांग की।
परवेज गांधी ने कहा कि गन्ने की फसल का उपयोग केवल एथेनॉल उत्पादन के लक्ष्य के आधार पर तय नहीं किया जाना चाहिए। खाद्य सुरक्षा, चीनी की उपलब्धता, किसानों की आय और उपभोक्ताओं की जेब का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अंबिकापुर में चीनी करीब 70 रुपये किलो तक बिक रही है।
उन्होंने सरगुजा जिला प्रशासन से चीनी की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही केंद्र सरकार से चीनी की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण के उपाय करने, पर्याप्त घरेलू स्टॉक सुनिश्चित करने और ई-20 नीति की समीक्षा करने की मांग की।