सरगुजा
अंबिकापुर/बतौली, 24 अगस्त। सरगुजा जिले के बतौली-बगीचा मार्ग पर केनापारा के पास रविवार शाम कार और बाइक की भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 15 वर्षीय नाबालिग राहुल बिंझिया की अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं उसके साथी सुनील का उपचार जारी है। घटना बतौली थाना क्षेत्र की है।
सावन के आखिरी सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए उदयपुर क्षेत्र के ग्राम नुनेरा निवासी राहुल बिंझिया (15) अपने साथी करौंदी निवासी सुनील के साथ रविवार शाम बाइक से कैलाश गुफा के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान बतौली-बगीचा मार्ग पर केनापारा के पास उनकी बाइक की कार क्रमांक सीजी 15 डीवी 0588 से टक्कर हो गई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को तत्काल बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
जन्मदिन से एक दिन पहले मौत
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान राहुल बिंझिया ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल सुनील का इलाज जारी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि राहुल का 25 अगस्त को जन्मदिन था। जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले उसकी मौत की खबर मिलने से परिवार में मातम पसरा है।