सरगुजा

दादी प्रकाशमणि की स्मृति में रक्तदान शिविर, 60 यूनिट रक्त एकत्रित
24-Aug-2026 9:56 PM
दादी प्रकाशमणि की स्मृति में रक्तदान शिविर, 60 यूनिट रक्त एकत्रित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 अगस्त। ब्रह्माकुमारीज संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि (विश्व बंधुत्व दिवस) के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर सेवा केंद्र नव विश्व भवन, चोपड़ापारा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। 23 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित शिविर में 80 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीयन कराया, जिनमें से 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

शिविर का शुभारंभ नगर निगम अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, डॉ. शैलेंद्र गुप्ता, डॉ. रोशनी, वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी, मंगल पांडेय, अनिल कुमार मिश्रा एवं ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र की संचालिका राजयोगिनी विद्या दीदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि महापौर मंजूषा भगत ने दादी प्रकाशमणि को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कई बार समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों की जान चली जाती है। ऐसे में रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आयोजन के लिए ब्रह्माकुमारीज संस्थान की सराहना की।

शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा अमोलक सिंह ढिल्लो, एसडीओपी राकेश बघेल, वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी, भाजपा नेता रमेश प्रसाद जायसवाल, पशुधन विकास विभाग के अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. सीके मिश्रा, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी उमेश कुशवाहा, वरिष्ठ शिक्षक लल्लू भाई, युवा समाजसेवी अनिल कुमार मिश्रा सहित ब्रह्माकुमारीज के भाई-बहनों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने रक्तदान किया। 50 वर्ष से अधिक आयु के कई लोगों ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।

111वीं बार रक्तदान कर पेश की मिसाल

शिविर में वरिष्ठ समाजसेवी और आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े 63 वर्षीय अजय तिवारी ने 111वीं बार रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने इससे पहले अपने जीवन में 110 बार रक्तदान किया था।

उनका यह प्रयास रक्तदान को लेकर लोगों में मौजूद भ्रांतियों को दूर करने और नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करने वाला रहा।

एक लाख यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य

ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र की संचालिका बीके विद्या दीदी ने कहा कि दादी प्रकाशमणि का जीवन विश्व कल्याण और सर्व सेवा की भावना का उदाहरण रहा है। उनके सेवा और मानव कल्याण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि भारत में ब्रह्माकुमारीज संस्थान द्वारा इस अभियान के तहत एक लाख यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है।

डॉ. रोशनी ने रक्तदान के फायदे बताते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति निर्धारित आयु सीमा में रक्तदान कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त से जरूरत के अनुसार कई मरीजों की मदद की जा सकती है। डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने रक्तदान को पुण्य का कार्य बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की।

रक्तदाताओं को ब्रह्माकुमारीज की ओर से प्रमाण पत्र एवं ईश्वरीय सौगात तथा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर एएसपी रितेश चौधरी, वरिष्ठ समाजसेविका वंदना दत्ता, एसडीओपी प्रतापपुर महालक्ष्मी कुलदीप, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीडी साहू एवं डॉ. ज्योति साहू सहित अन्य लोगों ने भी दादी प्रकाशमणि को श्रद्धांजलि अर्पित कर रक्तदान के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया।

राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल की टीम ने रक्त संग्रह किया। टीम में चिकित्सकों के साथ काउंसलर अंजुला मिश्रा, स्टाफ नर्स रीता थॉमस, जिला लैब टेक्नीशियन हरिहर सिंह, लैब टेक्नीशियन संध्या सिंह, ग्लोरिया तिर्की एवं संगीता पैकरा शामिल रहीं।


अन्य पोस्ट