सरगुजा

लहपटरा टोल प्लाजा की तकनीकी खामी से वाहन चालक परेशान, कांग्रेस ने उठाई आवाज
24-Aug-2026 9:54 PM
लहपटरा टोल प्लाजा की तकनीकी खामी से वाहन चालक परेशान, कांग्रेस ने उठाई आवाज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 अगस्त। अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर लहपटरा में हाल ही में शुरू किए गए टोल प्लाजा की तकनीकी खामियों को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। आम नागरिकों को हो रही परेशानी को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कलेक्टर सरगुजा और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के कार्यपालन अभियंता को पत्र लिखकर व्यवस्था में सुधार की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर टोल प्लाजा की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अनुसार टोल प्लाजा पर फास्टैग स्कैनिंग सिस्टम में तकनीकी समस्या के कारण वाहन चालकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई मामलों में फास्टैग स्कैन होने में आधे घंटे तक का समय लग रहा है। उनका कहना है कि फास्टैग वॉलेट में पर्याप्त राशि होने और स्कैनर के सही तरीके से काम नहीं करने की स्थिति में वाहन को नियमानुसार 10 सेकेंड से अधिक समय तक नहीं रोका जाना चाहिए। इसके बावजूद लहपटरा टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि तकनीकी परेशानी के साथ ही कुछ वाहन चालकों को टोल कर्मचारियों के कथित दुर्व्यवहार का भी सामना करना पड़ रहा है।

 लखनपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह, जिला कांग्रेस महामंत्री मुनेश्वर राजवाड़े सहित अन्य लोगों ने इस संबंध में नागरिकों की शिकायतें जिला कांग्रेस अध्यक्ष तक पहुंचाई हैं।

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता को भी हाल ही में फास्टैग स्कैनिंग में परेशानी के चलते करीब आधे घंटे तक टोल प्लाजा पर फंसे रहने की बात कही गई है।

स्थानीय लोगों को मासिक पास या छूट देने की मांग

बालकृष्ण पाठक ने टोल मार्ग का नियमित उपयोग करने वाले स्थानीय नागरिकों के लिए टोल में छूट अथवा मासिक पास की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि जब तक टोल प्लाजा की तकनीकी व्यवस्था पूरी तरह सुचारू नहीं हो जाती, तब तक इसके संचालन को स्थगित करना उचित होगा।

इसके अलावा टोल कर्मचारियों के व्यवहार और नियमों के पालन की निगरानी के लिए टोल प्लाजा पर पुलिस बल तैनात करने का भी आग्रह किया गया है।


अन्य पोस्ट