सरगुजा

26 को जश्ने ईद मिलादुन्नबी, शिक्षा-खेल और समाजसेवा की प्रतिभाएं होंगी सम्मानित
23-Aug-2026 9:41 PM
26 को जश्ने ईद मिलादुन्नबी, शिक्षा-खेल और समाजसेवा की प्रतिभाएं होंगी सम्मानित

सीरतुन्नबी कमेटी की तैयारियां तेज, निकलेगा जुलूस, कला केंद्र मैदान में होंगे मुख्य कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,23 अगस्त। पैगंबर मोहम्मद साहब (स.अ.व.) के जन्मदिन के अवसर पर जश्ने ईद मिलादुन्नबी का आयोजन इस वर्ष 26 अगस्त को परंपरागत एवं गरिमामय ढंग से किया जाएगा। सीरतुन्नबी कमेटी अंबिकापुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कमेटी पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी।

कमेटी के अनुसार, प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी शिक्षा, खेल और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। सरगुजा जिले में 10वीं और 12वीं की परीक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा संघ लोक सेवा आयोग और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में सफलता हासिल करने वाले जिले के प्रतिभावान युवाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाडिय़ों, समाजसेवियों, सामाजिक संस्थाओं, मदरसा के बच्चों, प्रतिभावान युवा अधिवक्ताओं एवं चिकित्सकों को भी सम्मानित किया जाएगा। समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सरगुजा की एक प्रबुद्ध हस्ती को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाएगा।

कार्यक्रम में सांप्रदायिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं को भी आमंत्रित किया गया है। वे पैगंबर मोहम्मद साहब के जीवन एवं उनके संदेशों पर प्रकाश डालेंगे।

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर शहर के विभिन्न मोहल्लों से जुलूस निकाला जाएगा, जो कला केंद्र मैदान पहुंचेगा। यहीं मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके लिए शहर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। अपने-अपने मोहल्ले की उत्कृष्ट सजावट करने वाले कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

पिछले वर्ष के आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूर्व अध्यक्ष जमाल खान मोनू तथा कार्यकारी अध्यक्ष मजुल खान व सद्दाम खान को भी सम्मानित किया जाएगा।

कमेटी ने बताया कि अंबिकापुर शहर की 13 एदारा कमेटियों और मुस्लिम समाज के प्रमुखजनों की स्थानीय जाकिर हुसैन हाल में हुई बैठक में सीरतुन्नबी कमेटी के नए पदाधिकारियों का चयन किया गया है। नवनियुक्त अध्यक्ष मेराज गुड्डू और कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद नियाजउद्दीन खान निक्की के नेतृत्व में समाज के लोग आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष मेराज गुड्डू, कार्यकारी अध्यक्ष नियाजउद्दीन खान निक्की, सचिव फैजान अहमद, अशफाक अली, बाबर इदरीशी, शादाब रिजवी, जमाल खान मोनू, मोइनुद्दीन अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट