सरगुजा

खेतों में लगाए बिजली तारों से विद्यार्थियों को खतरा, स्कूल ने जारी की चेतावनी
23-Aug-2026 9:40 PM
खेतों में लगाए बिजली तारों से विद्यार्थियों को खतरा, स्कूल ने जारी की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर, 23 अगस्त। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, उदयपुर ने विद्यालय के आसपास खेतों में लगाए गए विद्युत प्रवाहित तारों को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए चेतावनी जारी की है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार स्थानीय किसानों ने फसलों की सुरक्षा के लिए खेतों के चारों ओर विद्युत प्रवाहित तार लगाए हैं, जिससे विद्यार्थियों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

विद्यालय ने बताया कि कुछ छात्र-छात्राएं स्कूल आने-जाने के लिए खेतों के रास्ते का उपयोग कर रहे हैं, जो बेहद जोखिमपूर्ण है। स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों को खेतों के रास्ते का उपयोग नहीं करने तथा केवल मुख्य मार्ग से ही विद्यालय आने-जाने की हिदायत दी है।

साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को स्वयं मुख्य मार्ग से विद्यालय तक छोड़ें और छुट्टी के बाद उन्हें वापस लेकर जाएं। विद्यालय ने विशेष चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि कोई विद्यार्थी खेतों की ओर से आते समय दुर्घटनाग्रस्त होता है या विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी अभिभावकों की होगी। ऐसी स्थिति में विद्यालय प्रशासन को जिम्मेदार नहीं माना जाएगा।

विद्यालय प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्देशों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है।


अन्य पोस्ट