सरगुजा
पर्यटन मंत्री और लुंड्रा विधायक हुए शामिल
लखनपुर, 23 अगस्त। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में ग्राम पंचायत स्तरीय मछली बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत कार्यालय के सभा कक्ष में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। वहीं लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर लोगों को रोजगार और स्वरोजगार से जोडऩा शासन की प्राथमिकता है। मत्स्य पालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने मत्स्य पालन से संबंधित विभिन्न योजनाओं, तकनीकी जानकारी और विभागीय सहयोग के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, राजेंद्र जायसवाल, मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, रवि महंत, राकेश साहू, राकेश अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, विक्रम सिंह, चेतन राजवाड़े, रजनी सिंह, महेश्वर राजवाड़े एवं घरभरन राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और मत्स्य पालन को लेकर रुचि व्यक्त की।