सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 23 अगस्त। सरगुजा जिला के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत साल्ही में अगस्त के दौरान दो ग्रामीणों के निधन से गांव में शोक की लहर है। इस दु:ख की घड़ी में ग्राम पंचायत ने शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े होकर उन्हें संबल प्रदान किया। पंचायत द्वारा संचालित ‘श्रद्धांजलि योजना’ के तहत दोनों पीडि़त परिवारों को त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
स्व. बुद्धिमान सिंह उईके की पत्नी अमरासो उईके को 2,000 तथा स्व. रघुनंदन सिंह पोर्ते की पत्नी तुलसी पोर्ते को 2,000 की सहायता राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि विजय कुमार कोर्राम, उप सरपंच मुन्शी प्रसाद पोर्ते, पंच ठाकुर राम पोर्ते एवं पवन मरकाम सहित गांव के वरिष्ठ नागरिक जयलाल सिंह उईके, आनंद सिंह उईके, धनसाय बैगा, रामबिलास श्याम एवं परमा राम पोर्ते उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
साल्ही की सरपंच कलेश्वरी कोर्राम ने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में पंचायत पीडि़त परिवारों के साथ है।
पंचायत ने ईश्वर से दोनों दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।