सरगुजा

कुंडला वसुंधरा सिटी के 110 भवन स्वामियों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत
22-Aug-2026 8:52 PM
कुंडला वसुंधरा सिटी के 110 भवन स्वामियों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत

 14 साल पुराने राज्य शासन और नगर निगम के आदेश नहीं टिके, कोर्ट ने माना महत्वपूर्ण तथ्यों पर नहीं हुआ उचित विचार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 अगस्त। शहर के खरसिया रोड स्थित कुंडला वसुंधरा सिटी के 110 भवन स्वामियों को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। वर्षों से मकान हटाए जाने की आशंका के बीच रह रहे परिवारों की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने राज्य शासन के 4 जुलाई 2012 और नगर पालिक निगम अंबिकापुर के 7 दिसंबर 2016 के आदेश को निरस्त कर दिया है। न्यायालय के इस फैसले के बाद प्रभावित परिवारों ने राहत की सांस ली है।

मामला रिट याचिका क्रमांक 2856/2017, कृष्णानंद सिंह एवं अन्य विरुद्ध छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य से संबंधित है। हाईकोर्ट ने 20 अगस्त 2026 को मामले में फैसला सुनाया। याचिकाकर्ताओं की ओर से दोनों प्रशासनिक आदेशों को चुनौती दी गई थी।

उक्त मामले में आज होटल मयूरा में प्रेस वार्ता के दौरान याचिकाकर्ता कृष्णानंद सिंह सहित अधिवक्ता संतोष सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि याचिकाकर्ताओं का प्रमुख पक्ष था कि भवन निर्माण की मूल स्वीकृति के बाद 1 फरवरी 2011 को नवीन अनुमति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद नगर निगम ने 3 अगस्त 2011 को लंबित आवेदन और निर्माण की तत्कालीन स्थिति को संज्ञान में लेते हुए पूर्णता के चरण में पहुंच चुके भवनों को पूरा करने की अनुमति दी थी।

इसके अलावा करीब 140 भवनों के पूर्णता प्रमाण-पत्र से संबंधित कार्रवाई भी नगर निगम के रिकॉर्ड में मौजूद थी। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि इन महत्वपूर्ण तथ्यों पर समुचित विचार किए बिना ही भवन हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ा दी गई।

याचिकाकर्ता कृष्णानंद सिंह ने  बताया कि  हाईकोर्ट ने पूरे रिकॉर्ड का परीक्षण करने के बाद पाया कि प्रशासनिक अधिकारियों ने उपलब्ध महत्वपूर्ण तथ्यों पर उचित रूप से विचार नहीं किया। साथ ही प्रभावित याचिकाकर्ताओं को अपना पक्ष रखने के लिए प्रभावी सुनवाई का पर्याप्त अवसर भी नहीं दिया गया। इसी कारण राज्य शासन के 4 जुलाई 2012 के आदेश को प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के उल्लंघन से प्रभावित माना गया।

 इस आदेश के आधार पर नगर निगम अंबिकापुर द्वारा 7 दिसंबर 2016 को जारी भवन हटाने का आदेश भी न्यायालय में नहीं टिक सका। हाईकोर्ट ने दोनों आदेशों को निरस्त कर दिया।

पूर्व पार्षद आलोक दुबे की भूमिका भी चर्चा में

इस पूरे प्रकरण में पूर्व पार्षद आलोक दुबे की भूमिका को लेकर भी याचिकाकर्ताओं ने सवाल उठाए।  याचिकाकर्ताओं द्वारा कहा गया है कि वर्ष 2015 में आलोक दुबे ने रिट याचिका क्रमांक 1767/2015 दायर कर वर्ष 2012 के भवन हटाने संबंधी आदेश का पालन कराने की मांग की थी। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ी और अंतत: 7 दिसंबर 2016 को 110 भवन स्वामियों के खिलाफ निर्माण हटाने का आदेश जारी किया गया।

याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि उस समय सैकड़ों परिवार अपने आशियाने पर मंडरा रहे संकट से परेशान थे और उन्हें जनप्रतिनिधियों से समाधान की उम्मीद थी, लेकिन कार्रवाई आगे बढऩे के कारण उनके मकानों पर ध्वस्तीकरण का खतरा और बढ़ गया।

याचिकाकर्ता कृष्णानंद सिंह का कहना है कि जनप्रतिनिधि का धर्म जनता की आवाज बनना है, जनता के घरों पर संकट खड़ा करना नहीं, बल्कि उस संकट का समाधान तलाशना है।

वर्षों से आशियाना बचाने की लड़ाई लड़ रहे थे परिवार

कुंडला वसुंधरा सिटी के भवन स्वामियों ने प्रेस वार्ता के दौरान कहां की यह मामला केवल प्रशासनिक आदेशों की कानूनी लड़ाई नहीं था, बल्कि उनके आशियाने से जुड़ा हुआ था। वर्ष 2012 से शुरू हुए इस विवाद और बाद में वर्ष 2016 में नगर निगम के आदेश के बाद 110 परिवारों के सामने मकान हटाए जाने की आशंका बनी हुई थी। अब हाईकोर्ट द्वारा दोनों आदेश निरस्त किए जाने से भवन स्वामियों को वर्षों बाद बड़ी न्यायिक राहत मिली है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि यह निर्णय निष्पक्ष प्रशासन और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। फैसले के बाद कुंडला वसुंधरा सिटी के प्रभावित परिवारों में राहत और खुशी का माहौल है।


अन्य पोस्ट