सरगुजा

एक करोड़ की उठाईगिरी में ओडिशा से आरोपी बंदी
22-Aug-2026 8:51 PM
एक करोड़ की उठाईगिरी में ओडिशा से आरोपी बंदी

सीतापुर ज्वेलर्स से बैग लेकर फरार हुआ था गिरोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 अगस्त। सीतापुर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण से भरा बैग उठाईगिरी के मामले में सरगुजा पुलिस ने ओडिशा के गंजाम जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले में पूर्व में करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को सीतापुर निवासी अरुणदेव सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हाईस्कूल सीतापुर के पास संचालित उनकी कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स दुकान का बैग स्कूटी से उठाकर अज्ञात आरोपी फरार हो गए। बैग में करीब एक करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण थे। मामले में सीतापुर थाने में अपराध अपराध दर्ज किया गया था।

घटना के बाद डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल और सीतापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में चार संदिग्ध दो मोटरसाइकिलों से बैग लेकर फरार होते दिखाई दिए। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों के रूट को सरगुजा से जशपुर, झारखंड के सिमडेगा और ओडिशा के सुंदरगढ़ व गंजाम तक ट्रैक किया।

तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय के बाद आरोपियों की पहचान ओडिशा के गंजाम जिले के चंटी दास और दास नागेश्वर के रूप में हुई। संयुक्त टीम ने ओडिशा पुलिस के सहयोग से करीब 10 दिनों तक संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया।

इस दौरान चंटी दास के घर की तलाशी में करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, कीमत लगभग 43 लाख रुपये, तथा 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, कीमत करीब 3 लाख रुपये बरामद किए गए थे।

तीन राज्यों में आपराधिक रिकॉर्ड

लगातार तलाश के बाद पुलिस ने गंजाम जिले से दास नागेश्वर (45), निवासी नारायणपुर, थाना आस्का, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर उठाईगिरी करना स्वीकार किया। इसके बाद मामले में बीएनएस की धारा 111(2) और 3(5) भी जोड़ी गई। आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद जब्त किए गए।

पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। उसके खिलाफ ओडिशा के विभिन्न थानों में आबकारी अधिनियम, चोरी और लूट से संबंधित मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।


अन्य पोस्ट