सरगुजा
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा- मत्स्य पालन बनेगा आत्मनिर्भरता का माध्यम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,22 अगस्त। जिले के आकांक्षी विकास खंड लखनपुर में ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि एवं मत्स्य पालन को लाभकारी आजीविका गतिविधि के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से मत्स्य बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला सिंह, जनपद उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, मत्स्य विभाग के डीपीटी डायरेक्टर सतीश अहिरवार, एबीपी फेलो शुभिता शुक्ला एवं पीओ मनरेगा देव सिंह पैंकरा सहित क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधिगण, ग्राम पंचायतों के सरपंच तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर अजीत वसंत एवं जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा जनपद पंचायत सीईओ खुशबू शास्त्री के नेतृत्व में आकांक्षी विकास खंड लखनपुर में सफलतापूर्वक कार्यक्रम क्रियान्वित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान लगभग 202 तालाबों के लिए 202 हितग्राहियों को मत्स्य बीज का वितरण किया गया। यह वीबी जी राम जी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं मत्स्य विभाग के अभिसरण से संचालित की जा रही है।
मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मत्स्य पालन केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार, अतिरिक्त आय और आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अधिक से अधिक ग्रामीणों को मत्स्य पालन से जोडऩे की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल मछली उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि इससे जुड़े परिवारों की आय में वृद्धि एवं उनके जीवन स्तर में सुधार करना है। विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को इस क्षेत्र से जोडक़र रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।
मंत्री ने हितग्राहियों को प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, आवश्यक संसाधन एवं बाजार से जुड़ाव उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि इससे मत्स्य पालन एक टिकाऊ और लाभकारी आजीविका के रूप में स्थापित हो सकेगा।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए जिला प्रशासन, जनपद पंचायत, मत्स्य विभाग,वीबी जी राम जी, एनआरएलएम, तथा सभी संबंधित विभागों एवं हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से लखनपुर मत्स्य पालन के क्षेत्र में एक सफल मॉडल के रूप में अपनी पहचान बना सकता है।