सरगुजा

नियम विरुद्ध संलग्नीकरण पर उठे सवाल
22-Aug-2026 8:47 PM
नियम विरुद्ध संलग्नीकरण पर उठे सवाल

कांग्रेस नेता ने की उपसंचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 अगस्त। पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग में नियम विरुद्ध संलग्नीकरण और शासन को कथित रूप से गुमराह करने का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता परवेज आलम गांधी ने संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, छत्तीसगढ़ को शिकायत सौंपकर विभाग में किए गए संलग्नीकरण समाप्त करने और उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं अंबिकापुर डॉ. आरपी शुक्ला के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

परवेज आलम गांधी का आरोप है कि विभाग में नियम विरुद्ध संलग्नीकरण को लेकर उनके द्वारा शिकायत की गई थी। शिकायत के जवाब में उपसंचालक कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी वास्तविक स्थिति और शिकायत के साथ प्रस्तुत दस्तावेजों से मेल नहीं खाती। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन को गलत एवं तथ्यहीन जानकारी देकर वास्तविक स्थिति छिपाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि विभागीय जवाब में उनसे मामले से संबंधित प्रमाण प्रस्तुत करने के लिए पत्राचार किए जाने का उल्लेख है, जबकि उन्हें ऐसा कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ। वहीं शिकायत में उल्लेखित परिचारक नीरज सिन्हा का नाम भी विभागीय जवाब से गायब होने का आरोप लगाया गया है।

गांधी के अनुसार नीरज सिन्हा, ममता जायसवाल, सलिमा मिंज (एवीएफओ) सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी अपने मूल पदस्थापना स्थल से कार्यमुक्त हुए बिना दूसरे स्थानों पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने उपस्थिति पंजी से इसकी जांच कराने की मांग की है।  विशेष रूप से डॉ. सलिमा मिंज को मैनपाट से जिला पशु चिकित्सालय अंबिकापुर में संलग्न किए जाने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जिला पशु चिकित्सालय में पशु चिकित्सकों के दोनों पद पहले से भरे हैं। इसके बावजूद करीब 60 किलोमीटर दूर मैनपाट से संलग्नीकरण किया जाना नियमों के विपरीत है।

गांधी ने कहा कि संलग्नीकरण समाप्त करने के शासन एवं संचालनालय के आदेश के बावजूद यदि नियमों की अनदेखी जारी रहती है तो यह गंभीर प्रशासनिक मामला है। उन्होंने सभी नियम विरुद्ध संलग्नीकरण तत्काल समाप्त करने, संबंधित कर्मचारियों को मूल पदस्थापना पर कार्यमुक्त कराने तथा शासन को कथित गलत जानकारी देने के मामले में डॉ. आरपी शुक्ला के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट