सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 21 अगस्त। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुडक़र ग्रामीण महिलाएं समूह के माध्यम से विभिन्न आजीविका गतिविधियों को अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत किशुन नगर की जय मां दुर्गा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए मौसम और त्योहारों के अनुरूप सीजनल आजीविका गतिविधियां संचालित कर रही हैं। वर्तमान में रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए समूह की महिलाएं घर में उपलब्ध सामग्री एवं स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर आकर्षक राखियां तैयार कर रही हैं।
समूह की सदस्य सोनाली सिंह ने बताया कि जय मां दुर्गा स्वयं सहायता समूह में कुल 12 महिलाएं हैं। समूह की सभी महिलाएं मिलकर अलग-अलग सीजन के अनुसार आजीविका गतिविधियों का संचालन करती हैं। वर्तमान में राखी का सीजन होने के कारण समूह द्वारा राखी निर्माण का कार्य किया जा रहा है। राखी बनाने में घर में उपलब्ध सामग्री का उपयोग किया जाता है, जिससे उत्पादन लागत कम रहती है। तैयार राखियों को विभिन्न स्थानों पर स्टॉल लगाकर तथा घर से भी बिक्री किया जाता है। इससे प्राप्त आय को महिलाएं अपनी आजीविका को बढ़ाने में उपयोग कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि बिहान योजना से जुडऩे से पहले उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर थी और आजीविका के साधन भी सीमित थे।
स्वयं सहायता समूह से जुडऩे के बाद महिलाओं को विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण एवं आजीविका गतिविधियों से जुडऩे का अवसर मिला। इसके परिणामस्वरूप महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा और वे आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने लगीं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।