सरगुजा

दादी प्रकाशमणि की स्मृति में 23 को विशाल रक्तदान शिविर
21-Aug-2026 8:38 PM
दादी प्रकाशमणि की स्मृति में 23 को विशाल रक्तदान शिविर

अंबिकापुर, 21 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की स्मृति में अंबिकापुर में 23 अगस्त को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। संस्था के समाज सेवा प्रभाग द्वारा 21 से 25 अगस्त तक भारत और नेपाल में आयोजित किए जा रहे रक्तदान अभियान के तहत यह शिविर लगाया जा रहा है।

शिविर रविवार, 23 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक ब्रह्माकुमारीज़ सेवा केंद्र नव विश्व भवन, चोपड़ा पारा में आयोजित होगा। सेवा केंद्र की मुख्य संचालिका ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी ने बताया कि दादी प्रकाशमणि का जीवन नि:स्वार्थ सेवा, प्रेम और विश्व बंधुत्व की भावना के लिए समर्पित रहा। उनकी स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर पीडि़त मानवता की सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

शिविर में रक्तदाताओं के स्वास्थ्य की प्राथमिक जांच गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की टीम द्वारा की जाएगी। रक्तदान करने वाले लोगों को जलपान के साथ संस्था की ओर से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान ने शहर के सामाजिक संगठनों, युवाओं, प्रबुद्ध नागरिकों एवं धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।


अन्य पोस्ट